मुंबई- देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों का विसर्जन राज्य की विभिन्न नदियों मे किया जाएगा। भाजपा की ओर से बुधवार को अटलजी के श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। प्रदेशाध्यक्ष रावसाहेब दानवे दिल्ली से अटलजी का अस्थिकलश लेकर मुंबई आएंगे। इसके बाद राज्य की नदियों में अस्थिकलश का विसर्जन किया जाएगा। यह जानकारी वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने दी है।
अटलजी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए नरीमन प्वाइंट के एनसीपीए सभागृह में बुधवार शाम 6 बजे सभा
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुनगंटीवार ने बताया कि अटलजी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए नरीमन प्वाइंट के एनसीपीए सभागृह में बुधवार शाम 6 बजे सभा का आयोजन किया गया है। श्रद्धांजलि सभा में यूपी के राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेशाध्यक्ष दानवे, रेल मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावडेकर अपनी भावना व्यक्त करेंगे। विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां भी मौजूद रहेंगी। मुंबई की राज्यस्तरीय सभा की तरह वभिन्न जिलों में भी सभा का आयोजन किया गया है। मुनगंटीवार ने बताया कि दिल्ली से प्रदेशाध्यक्ष दानवे, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशिष शेलार अटलजी का अस्थि कलश लाएंगे। मुंबई, पंढरपुर, पुणे, नागपुर, नाशिक, कोल्हापुर, अमरावती, नांदेड, मालेगांव, कराड, र्कजत, महाड और सांगली की नदियों में अस्थियां प्रवाहित की जाएंगी। मुंबइ की श्रद्धांजलि सभा में अस्थि कलश पार्टी पदाधिकारियों को हस्तांतरित किया जाएगा। अस्थि कलश विसर्जन को ले जानेवाले अपनी राह में जगह-जगह पुष्पांजली अर्पण करेंगे।
वित्त मंत्री मुनगंटीवार ने बताया कि निकाय संस्थाओं, मंडलों और महामंडलों में अटलजी का श्रद्धांजलि का शोक प्रस्ताव मंजूर किया जाएगा। साथ ही नागरिकों से अटलजी से जुड़ी यादें और फोटो मंगाए गए हैं। इसका संकलन करके अटलजी की पुस्तक तैयार की जाएगी। इसीतरह अटलजी पर पीएचडी का संशोधन करनेवाले दस विद्यार्थियों को प्रति विद्र्याथी दस लाख रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी। राज्य के सभी 13 विश्वविद्यालयों में अटलजी विचार अध्याय शुरू किया जाएगा, इसके लिए राज्य सरकार 20 करोड़ रुपए का प्रावधान करेगी। प्रेस वार्ता में आदिवासी कल्याण मंत्री विष्णू सावरा, भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता माधव भंडारी और अतुल शाह भी उपस्थित थे।