मुंबई। आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों को मात देने के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। भाजपा ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाने के लिए एक अभियान चलाया है, जिसे भारत के मन की बात, मोदी के साथ का नाम दिया गया है। इस अभियान का उद्घाटन मंगलवार को राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने पार्टी प्रदेश मुख्यालय में किया। उन्होंने 42 डिजीटल वाहन रथों को पार्टी का झंडा दिखाकर रवाना किया।
42 डिजीटल वाहन रथ रवाना
इस अभियान के तहत महाराष्ट्र की 48 संसदीय सीटों में रथ यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां, सरकारी योजनाओं, विकास कार्यो और नीतियों के गुणगान एलसीडी टीवी के जरिए जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही पार्टी अपना चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने के लिए जनता से सुझाव मांगेगी। एक पत्र पर अपनी समस्याएं और सुझाव देने की अपील जनता से की जाएगी। इसके लिए 42 वाहनों की व्यवस्था की गई है। यह रथ अपने-अपने क्षेत्रों में घूमेंगे। इसीतरह देश के अन्य राज्यों में यह अभियान चलाया जा रहा है। बीते रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने नई दिल्ली में इस व्यापक अभियान का शुभारंभ किया था।
भाजपा ने विपक्ष के महागठबंधन को मात देने के लिए रथ यात्रा निकालने की योजना बनाई है। इससे पहले कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ मुंबई में डिजीटल रथ यात्रा निकाली थी। कांग्रेस और एनसीपी राज्यभर में भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध यात्रा निकाल चुकी है।